उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत जमशेदपुर हाई स्कूल और टाटा फुटबॉल अकादमी (TFA) के सामने स्थित ‘बजरंग चाय दुकान’ में हुई खौफनाक घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है. 6 अप्रैल की शाम उधार चाय मांगने और देरी होने पर 6-7 अपराधियों ने न केवल दुकान में तोड़फोड़ की, बल्कि 26 वर्षीय मेहंदी कुमारी पर 10 लीटर उबलता हुआ चाय उड़ेल दिया. फिलहाल मेहंदी टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के बर्न यूनिट (BCU) में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.
भाजपा का झंडा लगी कार से आए थे अपराधी
मेहंदी के भाई अंकित ने बताया कि अपराधी कमल फूल का झंडा लगी कार में सवार होकर आए थे. उन्होंने रसूख का धौंस दिखाते हुए उधार चाय मांगी. चाय देने में मामूली देरी होने पर अपराधियों ने पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा और दुकान को तहस-नहस कर दिया. हैवानियत की हदें तब पार हो गईं जब उन्होंने खौलता हुआ चाय मेहंदी के ऊपर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई.
अस्पताल में भी मिल रही है धमकी, दबाव में परिवार
मेहंदी की मां चिंता देवी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को बताया कि अपराधी अब भी बाज नहीं आ रहे हैं. इलाज के दौरान भी परिजनों को फोन पर धमकी दी जा रही है. अस्पताल के पास अनजान लड़के आकर मुकदमा वापस लेने और समझौते का दबाव बना रहे हैं. आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार अब खौफ के साये में जीने को मजबूर है.
विकास सिंह ने उठाए सवाल: “बेटी बचाओ” के नारे का क्या?
घटना की सूचना मिलते ही विकास सिंह TMH पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा:
“एक ओर देश में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर एक चाय बेचने वाली बेटी दरिंदों की हैवानियत के कारण मृत्युशय्या पर है. अपराधी भाजपा का झंडा लगाकर आए थे, जिससे परिवार को लग रहा है कि उनके रसूख के कारण न्याय नहीं मिलेगा.”
विकास सिंह ने मामले की जानकारी जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी है. SSP ने आश्वासन दिया है कि एक अपराधी की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
इलाज के लिए आर्थिक संकट
डॉक्टरों के अनुसार मेहंदी की स्थिति अत्यंत गंभीर है. परिजनों के पास इलाज के लिए पैसे खत्म हो गए हैं. विकास सिंह ने झारखंड के लोगों से अपील की है कि वे इस गरीब परिवार की मदद के लिए आगे आएं ताकि मेहंदी को न्याय और बेहतर इलाज मिल सके.


