
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 14 मार्च को एबीएम कॉलेज के पास से जेएच 22डी-4333 नंबर की मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध के रूप में राजा सरदार उर्फ प्रकाश सरदार (23) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपने सहयोगियों सोनू नायक उर्फ कटारी (23) और अतुल मुंडु (24) के साथ मिलकर जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर दोनों सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिनमें चार हीरो स्प्लेंडर और एक पल्सर 180 शामिल है, सभी बिना नंबर प्लेट के पाए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

