
बहरागोड़ा: बरसोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर खंडामौदा चौक के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में टेंपो चालक हाराधन पाईकिरा 35 उम्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार खंडामौदा गांव निवासी प्रदीप बेरा (38) अपनी पत्नी सविता बेरा (27), पुत्र शुभम बेरा (6) तथा गांव के ही मनोरंजन सीट (40) के साथ टेंपो से पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे।
इसी दौरान जैसे ही टेंपो खंडामौदा चौक के समीप पहुंची, बहरागोड़ा से कोलकाता की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों की तत्परता और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मनोरंजन सीट और सविता बेरा की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार ट्रक की तलाश की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.

