
जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले का दौरा कर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. परिसदन भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की. इस दौरान समिति के सदस्य मंगल कालिंदी और रोशन लाल चौधरी भी उपस्थित रहे.
विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा
बैठक में समिति ने जिले में संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उनकी उपयोगिता, पूर्णता और अपूर्णता को लेकर विभागवार समीक्षा की. विशेष रूप से विधायक फंड, आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास, जेएनएसी, खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भवन निर्माण, पथ निर्माण, जिला परिषद, लघु सिंचाई एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं पर चर्चा की गई.
किसानों की आय बढ़ाने और तकनीक से जोड़ने पर जोर
समिति ने निर्देश दिया कि किसानों की आय वृद्धि के लिए उन्हें वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ा जाए और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिया जाए. साथ ही निबंधित किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारू करने और भुगतान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए.
राशन वितरण में पारदर्शिता के निर्देश
आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया. समिति ने निर्देश दिया कि यदि किसी राशन डीलर पर कार्रवाई होती है तो कार्डधारियों को निकटतम दुकान से जोड़कर उन्हें नियमित राशन उपलब्ध कराया जाए.
आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
यांत्रिकी विभागों के तहत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समिति ने निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत योजनाओं को तय समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए. निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भूमि विवाद जैसी समस्याओं का समन्वय के जरिए समाधान कर कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए.
छात्रवृत्ति, अवैध खनन और प्रदूषण पर सख्ती
समिति ने विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए. वहीं खनन विभाग को अवैध खनन पर रोक लगाने और निगरानी बढ़ाने को कहा गया. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को औद्योगिक इकाइयों द्वारा जल स्रोतों में प्रदूषित पानी छोड़ने के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
‘योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे’
बैठक के दौरान सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एडीसी संतोष गर्ग, एडीएम राहुल जी आनंद, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, डीसीएलआर सचिदानंद महतो समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

