
उदित वाणी,जमशेदपुर: श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर 4 अगस्त को साकची गुरुद्वारा मैदान में आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या को लेकर हर हर महादेव सेवा संघ की तैयारियाँ जोरों पर हैं। संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियूष पांडे से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया।
इस दौरान, अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक मनोज तिवारी अपनी संगीतमयी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति भाव में डुबो देंगे। इस आयोजन में कोल्हान क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन का सहयोग और सकारात्मक आश्वासन इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
संघ ने उम्मीद जताई कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति के उच्चतम मूल्यों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न होगा। इस अवसर पर संघ के संरक्षक बृजभूषण सिंह, जयप्रकाश राय, राघवेंद्र शर्मा, अध्यक्ष सुखविंदर सिंह निक्कू, पूर्व अध्यक्ष राजू मारवाह और अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की सफलता की उम्मीद जताते हुए सभी ने इस आयोजन को श्रद्धा और भक्ति के प्रतीक के रूप में सम्पन्न करने का संकल्प लिया।

