
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के कर्मचारी संस्थापक दिवस (3 मार्च) को प्रकाश पर्व के रूप में मनाएंगे. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की शनिवार सुबह 9 बजे यूनियन प्रांगण में एक बैठक हुई, जिसमें 3 मार्च को पिछले साल की तरह इस बार भी जेएन टाटा की जयंती पर हर्षोउल्लास से प्रकाश पर्व मनाने का फैसला लिया गया.
बैठक में महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि गत वर्ष की तरह इस बार भी 3 मार्च को दिवाली जैसा माहौल बनाया जाएगा. हर घर में दीये जलाए जाएंगे. टेल्को कॉलोनी के सारे पार्क और गोल चक्कर में शाम को दिया जलाकर हम टाटा साहब को श्रद्धांजलि देंगे.
अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने कहा कि पिछले वर्ष से शुरू हुआ अभियान इस बार और बड़े रूप में होगा और दीये जलाकर हम अपने संस्थापक को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे. टेल्को कॉलोनी के आम बागान को सजाया जाएगा और दीप जलाए जाएंगे.


