उदित वाणी समस्तीपुर : आईपीएल (IPL) की समाप्ति के बाद समस्तीपुर के चमकते सितारे और उभरते हुए क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अपने घर लौट आए हैं। अपनों के बीच पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। वैभव के घर पहुंचते ही पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी वैभव सूर्यवंशी के अपने परिवार के साथ जश्न मनाने के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
ताजपुर में उमड़ी भीड़, होली और दिवाली जैसा दिखा नजारा
समस्तीपुर के ताजपुर में इस होनहार खिलाड़ी की एक झलक देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपने चहेते खिलाड़ी को करीब से देखने के लिए बेताब नजर आया। गांव और घर का माहौल ऐसा था मानो होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहार एक साथ मनाए जा रहे हों। लोग एक-दूसरे को रंग-अबीर और गुलाल लगाकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे, तो दूसरी तरफ जमकर पटाखे फोड़े जा रहे थे।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत ने शेयर की तस्वीरें, कहा- ‘वेलकम बेबी बॉस’
इस खास मौके पर समस्तीपुर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत ने भी वैभव सूर्यवंशी के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। घर पर हर कोई एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई संदेश दे रहा था। वैभव सूर्यवंशी की इस सफलता और घर वापसी से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा समस्तीपुर जिला खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।


