उदित वाणी झारखंड: रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा-रांची फोरलेन पर जिंदल गेट के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान संदीप कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार का जन्मदिन था। वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ बाइक से पतरातु स्थित एक होटल में जन्मदिन मनाने गया था। देर रात दोनों युवक बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। रात का समय और अंधेरा होने के कारण राहगीरों को दुर्घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि दोनों युवक घंटों तक घटनास्थल पर घायल अवस्था में पड़े रहे और समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।
जब देर रात तक दोनों युवक घर नहीं लौटे तो परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बुधवार सुबह घटनास्थल पर दोनों के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


