
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में 79वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्य जिला समारोह बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में हुआ, जहां उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने परेड का निरीक्षण कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
समारोह में शहीद हवलदार जितेंद्र कुमार शर्मा की पत्नी वीर नारी दुर्गावती देवी को सम्मानित किया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पुलिस सेवा में विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें डॉ. प्रतिमा कुमारी, हेमवती पिंगुआ, राम विनय प्रसाद, अमितेश तिवारी, अनिता महतो, अरुण कुमार, दयाशंकर मिश्रा, स्नेहा कुमारी, शुभम पात्रा, भूमिका मिश्रा और शांभवी जायसवाल शामिल रहे।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों, भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन किया और जिले की हालिया उपलब्धियों की जानकारी दी। स्वास्थ्य क्षेत्र में घाटशिला में मिर्गी रोगियों के लिए विशेष शिविर, मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर की स्थापना और कुपोषण उपचार में राज्य में पहला स्थान हासिल करना उल्लेखनीय रहा। शिक्षा क्षेत्र में 282 स्कूलों में आईसीटी लैब, 1.5 लाख से अधिक बच्चों को निःशुल्क पोशाक, 2 लाख बच्चों को पाठ्यपुस्तक व बैग और 17,788 बच्चों को साइकिल वितरण किया गया।
ग्रामीण विकास में मनरेगा के 93% लक्ष्य की प्राप्ति, बिरसा हरित ग्राम योजना से आम का निर्यात और प्रधानमंत्री आवास योजना के 94% आवासों का निर्माण पूरा हुआ। आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को सखी मंडलों से जोड़ा गया, सिलाई केंद्र खोले गए और वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन को बढ़ावा मिला। सामाजिक सुरक्षा के तहत 2.79 लाख लोगों को मासिक पेंशन और 2.82 लाख लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का लाभ मिला। कृषि और पशुपालन में बीज अनुदान, फसल विस्तार, 10 हजार पशुपालकों को लाभ और 9.8 लाख कृत्रिम गर्भाधान की उपलब्धि दर्ज की गई।
श्रम, राजस्व और पंचायत विभाग में श्रमिक पंजीकरण, भूमि आवंटन, ग्राम पंचायत ज्ञान केंद्र और पेसा मोबिलाइजर नियुक्ति की गई। शहरी निकाय क्षेत्र में स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में जमशेदपुर अक्षेस ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया। उपायुक्त ने अपने संदेश में महात्मा गांधी को उद्धृत करते हुए कहा कि हर कदम यह सोचकर उठाना चाहिए कि वह सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति के लिए कितना लाभकारी है।
जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय, उपायुक्त आवास, रेडक्रॉस भवन, एसएसपी कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय धालभूम व घाटशिला, जिला जनसंपर्क कार्यालय, सभी प्रखंड मुख्यालयों, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

