
उदित वाणी,जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के सी रोड में मंगलवार सुबह एक भयावह हादसा सामने आया, जब एक घर में रखे फ्रिज के अचानक फटने से भीषण आग लग गई। तेज धमाके के साथ शुरू हुई आग ने कुछ ही पलों में पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से कूदकर बाहर निकलना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार फैलती रहीं। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

