
उदित वाणी, जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस सेवाओं को और सुदृढ़ करने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस के ड्राइवरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
वर्तमान में अस्पताल में तीन एंबुलेंस संचालित हैं, जबकि कुल चार ड्राइवर ही उपलब्ध हैं। तीन शिफ्ट में संचालन के कारण ड्राइवरों की कमी साफ तौर पर महसूस की जा रही है, जिससे कई बार मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाती। इस समस्या को दूर करने के लिए अब एजेंसी के माध्यम से नए ड्राइवरों की नियुक्ति की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य है कि सभी एंबुलेंस हर समय सक्रिय रहें और जरूरतमंद मरीजों को तुरंत सेवा मिल सके।
इससे न केवल आपातकालीन स्थितियों में राहत मिलेगी, बल्कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। गौरतलब है कि इस पहल की शुरुआत पहले ही अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी द्वारा की गई थी, लेकिन उनके अचानक तबादले के कारण प्रक्रिया अधूरी रह गई। अब अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने इस मामले को पुनः प्राथमिकता देते हुए कार्यवाही तेज कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नए ड्राइवरों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी और इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा।

