उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर स्थित प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार, 19 मार्च को विक्रम नव संवत्सर 2083 (हिंदू नव वर्ष) एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विद्यालय घोष दल, आकर्षक झांकियां और आचार्यगण शामिल हुए।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय समिति सदस्य एवं नगर कार्यवाह वी. जयशंकर तथा प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि उपस्थित रहे। वंदना के बाद कार्यक्रम प्रमुख आचार्या सुमन लकड़ा ने अतिथियों का परिचय कराया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति और सांस्कृतिक गीत-नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्साह और आनंद से भर दिया।
हिंदू नव वर्ष के महत्व पर प्रकाश
मुख्य अतिथि वी. जयशंकर ने अपने संबोधन में विक्रम संवत्सर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इसी दिन सृष्टि की रचना, भगवान श्रीराम और धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक, सम्राट विक्रमादित्य द्वारा विक्रम संवत्सर की स्थापना, चैत्र नवरात्र का आरंभ तथा स्वामी दयानंद सरस्वती का प्राकट्य जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग जुड़े हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह दिन संत झूलेलाल और डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती के रूप में भी विशेष महत्व रखता है।
छात्रों ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 9 के छात्र पृथिश भादुड़ी और कक्षा 8 की छात्रा अनुष्का घोष ने किया, जबकि अंत में आचार्य कुंदन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आचार्य कुंदन कुमार और मनोज दास के मार्गदर्शन तथा समस्त आचार्य परिवार के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।


