
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित एक हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच तेज कर दी गई है
सर्विस सेंटर के मैनेजर तपन पाल के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे सेंटर को नियमित रूप से बंद कर सभी कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर प्रवेश करने पर कैश काउंटर की खिड़की खुली मिली और ड्रॉर का लॉक भी क्षतिग्रस्त था।
जांच के दौरान काउंटर से पूरी नकदी गायब पाई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन अज्ञात युवक मास्क पहनकर सेंटर में घुसते नजर आए, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया।
घटना की लिखित शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।

