
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र के आसनबनी पंचायत अंतर्गत पातडी गांव स्थित हरि मंदिर परिसर में आयोजित हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार शामिल हुए. उन्होंने मंदिर में माथा टेककर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला.
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं. हरिनाम संकीर्तन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है. उन्होंने आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की. कार्यक्रम में हारीपदो भकत, बबलू भकत, तालेश्वर भकत, दीपक भकत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिससे आयोजन भव्य और सफल बना.

