
उदित वाणी, जमशेदपुर : इंडियन सुपर लीग (ISL) के खिताब की रेस अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है. जमशेदपुर एफसी (JFC) गुरुवार को केरला ब्लास्टर्स एफसी (KBFC) के खिलाफ अपने महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए कोच्चि के लिए रवाना होगी. यह हाई-वोल्टेज मैच 18 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा.
खिताब की रेस में हर पॉइंट की अहमियत
हेड कोच ओवेन कोयल के मार्गदर्शन में ‘मेन ऑफ स्टील’ ने अपनी ट्रेनिंग और रणनीति को काफी आक्रामक कर दिया है. वर्तमान में जमशेदपुर एफसी लीग तालिका में शीर्ष पर चल रही मुंबई सिटी एफसी से महज 3 पॉइंट पीछे है. ऐसे में कोच्चि में होने वाला यह मुकाबला जेएफसी को टॉप पर पहुँचाने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.

कोच ओवेन कोयल बनाम एश्ले वेस्टवुड
पिछले मुकाबले में कड़ी टक्कर देने के बाद जमशेदपुर की टीम आत्मविश्वास से भरी है, लेकिन कोच्चि में चुनौती आसान नहीं होगी. केरल ब्लास्टर्स ने हाल ही में अपने नए हेड कोच एश्ले वेस्टवुड और असिस्टेंट कोच पीटर हार्टले के नेतृत्व में शानदार वापसी की है. गौरतलब है कि पीटर हार्टले जमशेदपुर एफसी के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उन्हीं के नेतृत्व में टीम ने आईएसएल शील्ड जीती थी. हार्टले की मौजूदगी ने ब्लास्टर्स को उनके घरेलू मैदान पर एक बेहद मजबूत प्रतिद्वंद्वी बना दिया है.
रांची एयरपोर्ट से भरी उड़ान
जमशेदपुर की टीम ने गुरुवार सुबह रांची एयरपोर्ट से कोच्चि के लिए उड़ान भरी. ओवेन कोयल की टीम का पूरा ध्यान केरल के घर में सेंध लगाकर 3 अंक हासिल करने पर है. फुटबॉल फैंस को एक हाई-इंटेंसिटी और मनोरंजक मुकाबले की उम्मीद है, जहाँ दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देती नजर आएंगी.

