
उदित वाणी, जमशेदपुर: ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब घाटशिला में हर बुधवार ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया जाएगा, जहां एसपी ग्रामीण स्वयं मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका त्वरित निपटारा करेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गांवों में रहने वाले लोगों को थाने या जिला मुख्यालय के चक्कर से मुक्ति दिलाना है।
जनता दरबार के दौरान जमीन विवाद, पारिवारिक मामले, पुलिस शिकायतें और अन्य स्थानीय समस्याओं पर सीधे सुनवाई होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अधिकतर मामलों का समाधान मौके पर ही किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह है। उनका मानना है कि इससे प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम होगी और समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाएगा।

