
गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़ाकुर्शी पंचायत अंतर्गत बांधडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में लगभग 70 वर्षीय डिंगली महतो की सुवर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है, जब वे गांव की अन्य महिलाओं के साथ नदी में स्नान करने गई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, डिंगली महतो जलेश्वरी महतो और सुमित्रा महतो के साथ सुवर्णरेखा नदी के हिडियाचापा घाट पर नहाने पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। साथ मौजूद महिलाओं ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई उनके प्रयासों के आड़े आ गई।
घटना के बाद घबराई महिलाओं ने तुरंत गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। इस घटना से पूरे गांव में चिंता और शोक का माहौल बन गया।
बुधवार को खोजबीन के दौरान जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी से डिंगली महतो का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि डिंगली महतो के पति कैलाश महतो का निधन कुछ वर्ष पहले हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं थी। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

