
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर की सबसे बड़ी डांडिया संध्या का मंच सज चुका है. जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स की ओर से फ्यूज़न डांडिया बीट्स 6.0 का आयोजन शनिवार 27 सितंबर को रात 8 बजे से बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में किया जाएगा. लगातार छठे वर्ष आयोजित होने वाला यह बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक उत्सव संगीत, नृत्य और उल्लास से सराबोर रहेगा. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू होंगी.
जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स के संस्थापक अध्यक्ष तारा किशोर अग्रवाल ने बताया, “यह डांडिया नाइट का छठा वर्ष है और अब यह शहर के सबसे पसंदीदा उत्सवों में से एक बन चुका है. यह एक पारिवारिक आयोजन है, जहां सभी लोग मिलकर आनंद ले सकते हैं.”कार्यक्रम में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल सजेंगे, वहीं सर्वश्रेष्ठ परिधान और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे.जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सचिव उत्सव मित्तल, पूर्व अध्यक्ष विकास अग्रवाल और राहुल भालोटिया ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि आने वाले मेहमानों को यादगार अनुभव मिल सके.

