
मारूति की भी अंकिता की तरह सोयी अवस्था में राजेश राउत ने पेट्रोल छिड़ककर लगायी आग, रिम्स लाने के क्रम में युवती ने तोड़ी दम
उदित वाणी, रांची: बहुचर्चित अंकिता सिंह की सोयी हुई अवस्था में पेट्रोल छिड़ककर हत्या किये जाने की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई कि दुमका जिले में ही फिर सोयी अवस्था में पेट्रोल छिड़ककर एक दूसरी लड़की की हत्या कर दी गई.
दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के भालकी गांव में गुरुवार रात 1 बजे एक सनकी प्रेमी राजेश राउत ने मारूति कुमारी नाम की लड़की की पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. इसके बाद मारूति को गंभीर अवस्था में दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रारम्भिक इलाज के बाद रिम्स रेफर किया गया.
परन्तु रास्ते में ही मारूति ने दम तोड़ दी और रिम्स पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि वह 70 प्रतिशत से ज्यादा जल चुकी थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार दुमका के हंसडीहा थाना क्ष़़ेत्र के महेशपुर गांव के सनकी राजेश राउत ने शादी से इंकार करने पर नानी के साथ सो रही 19 बर्ष की मारुति कुमारी पर पेट्रोल छिड़ककर इस जघन्य घटना को अंजाम दिया.
वहीं दुमका में ही अस्पताल में मारूति ने मजिस्ट्रेट को दिये अपने बयान में बताया कि राजेश राउत ने दो साल पहले ही दूसरी लड़की से शादी कर ली है और वह उसके साथ भी शादी का दबाव बना रहा था तथा इंकार करने पर राउत ने आग लगाकर मारने की धमकी दी थी.
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के बाद राउत को भागते हुए उसकी नानी ने भी देखा. इधर पुलिस द्वारा आरोपी राजेश राउत को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं पीडि़ता के परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.
सीएम ने की 10 लाख सहायता राशि देने की घोषणा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस जघन्य वारदात पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. साथ ही उन्होंने मृतक के परिजन को तत्काल 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने का अधिकारियों को निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जायेगी. वहीं राज्य सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख एवं जामा की झामुमो विधायक श्रीमती सीता सोरेन ने भी मृतक मारूति के परिजन को 1-1 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान की है.
महिलाओं के साथ बढ़ रहे दुष्कर्म की घटनाओं से झारखंड देश भर में शर्मसार-दीपक प्रकाश
इधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने घटना पर राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य की बदहाल विधि व्यवस्था व राज्य में महिलाओं के साथ बढ़ रहे दुष्कर्म की घटनाओं से झारखंड देश भर में शर्मसार हुआ है.
बहन बेटियों के साथ हो रहे बलात्कार की घटनाओं में राज्य ने रिकॉर्ड बनाया है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 33 महीनो में प्रतिदिन औसतन 5 बलात्कार की घटनायें हो रही है. अब बहन बेटियां अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है.

