
उदित वाणी, जमशेदपुर : जिला आपूर्ति कार्यालय की ओर से खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से किया जा रहा है. इसी क्रम में आज बोड़ाम प्रखंड के बोड़ाम बाजार और हाथीखेदा गांव के साथ-साथ पटमदा प्रखंड के कशमार व गोबरघुसी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए.
नागरिकों को मिली महत्वपूर्ण जानकारियां
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करके ग्रामीणों और नागरिकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े लाभ और पात्रता मानदंड समझाए गए.
लोगों को पीवीटीजी डाकिया योजना, मुख्यमंत्री दाल-भात योजना (5 रुपये में भोजन), सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना और चना दाल वितरण योजना की प्रमुख बातें विस्तार से बताई गईं.
राशन योजनाओं का स्पष्ट विवरण
ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि
– पीला राशन कार्डधारी को प्रतिमाह 35 किलो चावल मिलता है.
– हरा राशन कार्डधारी को प्रति व्यक्ति 5 किलो चावल.
– गुलाबी राशन कार्डधारी को प्रति व्यक्ति 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं.
– चना दाल वितरण योजना के तहत सभी राशन कार्डधारियों को प्रति व्यक्ति 1 किलो चना दिया जाता है.
– सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत वर्ष में दो बार मात्र 10 रुपये प्रति वस्त्र पर धोती, साड़ी व लुंगी वितरित किए जाते हैं.
उद्देश्य और शिकायत निवारण व्यवस्था
इस पहल का उद्देश्य है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के पात्र लाभुकों को योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी मिले और वे समय पर इसका लाभ उठा सकें.
जिन लाभुकों को राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण या डीलरों से संबंधित कोई शिकायत हो, वे राज्य सरकार के पीजीएमएस पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1800-212-5512 तथा 1967 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा “अन्न सहायता” हेल्पलाइन (व्हाट्सएप नंबर 9868200445) पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है.
