
उदित वाणी, जमशेदपुर: संस्थापक दिवस (थर्ड) पर टाटा मोटर्स का जमशेदपुर प्लांट फूलों से सुगंधित हो जाता है. टाटा स्टील समेत विभिन्न कंपनियों में संस्थापक दिवस को लेकर विभिन्न आयोजन होते हैं, मगर टाटा मोटर्स की तरह फूलों की सजावट कहीं और नहीं दिखती.
सबसे रोचक बात यह है कि टाटा मोटर्स का हॉर्टिकल्चर विभाग संस्थापक दिवस पर फूलों की सुगंध बिखेरने की तैयारी छह माह पहले शुरू कर देता है. जेनरल ऑफिस के सामने स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा के आसपास होने वाली यह सजावट बाहर से गमले लाकर या फूलों को तोड़कर नहीं किया जाता है.
हॉर्टिकल्चर विभाग हजारों गमलों के साथ विभिन्न तरह के फूलों को उसके जीवन चक्र के अनुसार लगाता है. एक माह से लेकर छह माह में लगने वाले फूलों को इस तरह से लगाया जाता है कि वे तीन मार्च को अपने पूरे शबाब पर खिलें और अपनी महक बिखेरे.
विभाग की निगरानी में इन फूलों को इस तरह से रखा जाता है कि वे समय से पहले या समय के बाद नहीं खिलें. टाटा मोटर्स के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार का कहना है कि टाटा मोटर्स के हॉर्टिकल्चर विभाग के पास इस तरह की विशेषज्ञता है. फूलों का प्लांटेशन इस तरह से होता है कि उनके कद तक एक समान हो.
अगर कोई फूल तीन माह में खिलता है तो उसे थर्ड मार्च से तीन माह पहले लगाया जाता है और उसकी लगातार देखरेख की जाती है. फूलों की यह सजावट हमारी खासियत होती है. संस्थापक दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित करने का शुभारंभ यही से शुरू होता है.
टाटा समूह के चेयरमैन समेत बॉम्बे हाउस से आने वाले सारे अधिकारी सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच कंपनी परिसर स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हैं.

