
उदित वाणी जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर शातिर ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, एम रोड निवासी प्रकाश कौर गुरुद्वारे से पूजा-अर्चना कर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एन रोड के पास दो संदिग्ध युवक उन्हें मिले। एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर खड़ा था। बाइक सवार ने महिला को रोककर कहा कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। जब महिला उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि बिष्टुपुर क्षेत्र में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और ऐसे माहौल में गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है।
ठग की बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन, अंगूठी और कंगन उतार दिए। आरोपी ने गहनों को कागज में लपेटने का नाटक किया और महिला को वापस थमा दिया। घर पहुंचने पर जब उन्होंने कागज खोला तो उसमें गहनों की जगह केवल एक साधारण चूड़ी मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि शहर में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक माह पूर्व जुगसलाई में पुलिसकर्मी बनकर एक व्यक्ति से गहने ठगे गए थे, जबकि साकची में साधु का वेश धारण कर महिला को निशाना बनाया गया था। हालांकि इन मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

