
उदित वाणी जमशेदपुर: शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में मानगो थाना पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर के रूप में हुई है। वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। इस संबंध में मानगो थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार गश्ती के दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास संदिग्ध स्थिति में मौजूद युवकों को रोका गया। उनके पास मौजूद बाइक (जेएच05एजे-4340) के कागजात मांगने पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किस क्षेत्र से चोरी किया गया था।
मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी की बाइक को कम कीमत पर बेचने का काम करता था। फॉरेस्ट मैदान के पास भी आरोपी वाहन की सौदेबाजी के उद्देश्य से पहुंचे थे। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि कोल्हान क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हाल ही में पश्चिम सिंहभूम के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 20 चोरी की बाइक बरामद कर बड़े गिरोह का खुलासा किया था। इसके बावजूद वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे आम लोगों में चिंता बनी हुई है।

