उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर नियंत्रण और जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश
बैठक के दौरान बागबेड़ा, जुगसलाई, बर्मामाइंस समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
पुलिस-उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई होगी तेज
उपायुक्त ने पुलिस और उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई तेज करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बस, ऑटो, ट्रक और स्कूल वैन चालकों पर समय-समय पर जांच अभियान चलाने की बात कही गई।
स्कूल-कॉलेज के आसपास बढ़ेगी सख्ती
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं को सक्रिय रखने पर बल दिया गया।
मामलों के त्वरित निष्पादन और सख्त कानूनी कार्रवाई
मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन देने को भी कहा गया।
आमजन से अपील, सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 112 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 जारी किया गया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, एडीएम एसओआर राहुल आनंद सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


