उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर का प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट डिमना लेक अब धीरे-धीरे खौफनाक बनता जा रहा है. यहां लगातार शव मिलने की घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस बल्कि स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है. रविवार शाम करीब चार बजे बोड़ाम थाना पुलिस ने लेक से एक महिला का शव बरामद किया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृत महिला की पहचान सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हार पाड़ा निवासी 43 वर्षीय संजू साह के रूप में हुई है, जो देवानंद साहू की पत्नी थी. पुलिस को मौके से महिला का पर्स मिला, जिसमें आधार कार्ड, तीन सिम कार्ड, कुछ नकदी और अन्य दस्तावेज थे. इन्हीं के आधार पर शव की पहचान संभव हो पाई.
चौंकाने वाली बात यह है कि चार दिनों के भीतर डिमना लेक से यह दूसरी लाश मिली है. इससे पहले एक अज्ञात युवक का शव भी बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या ये महज दुर्घटनाएं हैं, आत्महत्या के मामले हैं या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है?
स्थानीय लोगों ने महिला का शव पानी में तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला.
परिजनों के अनुसार, संजू साह पिछले तीन दिनों से लापता थी और परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे. उसका पति स्कूल वैन चालक है और परिवार में दो बच्चे हैं.
फिलहाल पुलिस इस रहस्य को सुलझाने में जुटी है कि महिला आखिर सोनारी से डिमना लेक तक कैसे पहुंची, क्योंकि घटनास्थल से उसकी स्कूटी बरामद नहीं हुई है.


