
उदित वाणी, धनबाद : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगा दामोदर एक्सप्रेस से सैकड़ों बीयर कैन और अंग्रेजी शराब जब्त की है. इस कार्रवाई से तस्करों के मंसूबों पर बड़ा झटका लगा है.
जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में RPF की टास्क टीम स्टेशन परिसर में रात के समय गश्त कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 13329 धनबाद-पटना गंगा दामोदर एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 3 से प्रस्थान के वक्त कालका छोर पर एक लाल ट्रॉली बैग और एक काला पिठू बैग संदिग्ध अवस्था में लावारिस पड़े मिले.
टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने बैग पर दावा नहीं किया. संदेह होने पर जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 100 से अधिक किंगफिशर बीयर कैन और अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं.
जांच में सामने आया कि सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal” अंकित था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शराब को पश्चिम बंगाल से बिहार की ओर अवैध रूप से तस्करी किया जा रहा था.
RPF ने तुरंत पूरी खेप जब्त कर ली और आगे की कार्रवाई के लिए इसे उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
RPF अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सतर्क के तहत स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है. इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

