उदित वाणी, जमशेदपुर: उत्तराखंड के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड के फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। देहरादून के डालनवाला थाना की पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जमशेदपुर में लगातार दूसरे दिन कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने जुगसलाई और उलीडीह इलाके में फरार आरोपियों के घरों और किराए के ठिकानों पर दबिश दी, हालांकि अधिकांश जगहों पर आरोपी अपने परिवारों के साथ पहले ही फरार हो चुके थे।
ताले तोड़कर अंदर घुसी पुलिस, फ्लैट मिले खाली
सोमवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान जुगसलाई गौशाला रोड स्थित आरोपी विशाल सिंह के किराए के फ्लैट का दरवाजा बंद मिला। पुलिस ने जब ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, तो फ्लैट लगभग खाली था। कमरे से केवल एक गद्दा और कुछ मामूली सामान बरामद हुआ, जिसकी जब्ती सूची बनाकर पुलिस ने फ्लैट को सील कर दिया।
इसके अलावा, जुगसलाई आरपी पटेल रोड निवासी आरोपी आशुतोष कुमार सिंह का किराए का मकान भी पूरी तरह खाली पाया गया। वहीं, उलीडीह टैंक रोड निवासी आरोपी जितेन्द्र कुमार साहू के घर का ताला तोड़कर जब पुलिस अंदर दाखिल हुई, तो वहां भी कोई सामान या सदस्य मौजूद नहीं था।
अब लोहरदगा में कुर्की की तैयारी, आरोपियों पर 1-1 लाख का इनाम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी फरार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। जमशेदपुर के बाद अब देहरादून पुलिस झारखंड के लोहरदगा जिले में कुर्की-जब्ती की तैयारी कर रही है। पुलिस वहां के टांगराटोली निवासी फरार आरोपी अंकित कुमार वर्मा के घर पर कार्रवाई करेगी।
इससे पहले रविवार को भी पुलिस ने बागबेड़ा के बजरंग टेकरी रोड निवासी आरोपी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की की थी। बता दें कि इस मामले में फरार चल रहे सभी आरोपियों पर देहरादून पुलिस ने 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं हुए, तो इनाम की राशि और बढ़ाई जा सकती है।
सिल्वर सिटी मॉल में हुई थी विक्रम शर्मा की हत्या
गौरतलब है कि इसी साल 13 फरवरी को देहरादून के प्रसिद्ध सिल्वर सिटी मॉल में अपराधियों ने दिनदहाड़े विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा निवासी यशराज सिंह राजकुमार सिंह और मोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जबकि विशाल सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, जितेंद्र साहू, आकाश प्रसाद और अंकित कुमार वर्मा समेत कई आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में देहरादून पुलिस झारखंड सहित कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है।


