उदित वाणी, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में अतिरिक्त पैसे लेकर गैलन में पेट्रोल और डीजल देने के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की है. गढ़वा के एसडीएम ने इस मामले को लेकर कहा है कि जांच के बाद पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
गढ़वा के एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया. उन्होंने बताया कि हमने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पहले ही जांच शुरू कर दी थी. इस बीच उच्च अधिकारियों की तरफ से इस मामले की जांच के आदेश आ गए.
एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि सर्किल अधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई थी. जांच की रिपोर्ट भी सामने आ गई. इसके बाद डीएसओ, आंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत कई अधिकारियों ने मौके पर जाकर पेट्रोल पंप को सील कर दिया.
उन्होंने बताया कि हमने पेट्रोल पंप के स्टॉक को भी चेक कर लिया था, जिसमें स्टॉक कम पाया गया. इंडियन ऑयल के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. उन्होंने भी पेट्रोल पंप को नोटिस जारी किया है.
एसडीएम के अनुसार, हमने सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की थी. क्षेत्र में पेट्रोल नहीं मिलने जैसी स्थिति नहीं है. ऐसा हो सकता है कि किसी एक पेट्रोल पंप पर तेल न हो तो अगले पेट्रोल पंप पर तेल उपलब्ध हो. हमने निर्देश दिया है कि जिस पेट्रोल पंप पर तेल नहीं है, वहां बोर्ड लगाना अनिवार्य है.
बता दें कि एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पेट्रोल पंप कर्मचारी गैलन में पेट्रोल और डीजल देने के लिए अतिरिक्त पैसे मांग रहा था. कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले डीजल के लिए भी अतिरिक्त पैसे वसूले जा रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की गई.
(आईएएनएस)


