
नई दिल्ली/जमशेदपुर: 9 अप्रैल 2026 को शौर्य दिवस के पावन अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में Rapid Action Force (आरएएफ) की विभिन्न वाहिनियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया।
महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदान की ट्राफी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ के वर्तमान महानिदेशक श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में आरएएफ के समर्पण की सराहना की और 106 आरएएफ वाहिनी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “सर्वश्रेष्ठ परिचालनिक वाहिनी” के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा। इस गरिमामयी अवसर पर आरएएफ की वर्तमान महानिरीक्षक श्रीमती सीमा ढुंडिया भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
कमांडेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में मिली सफलता
बता दें कि 106 आरएएफ वाहिनी ने अपने कमांडेंट राजीव कुमार के कुशल नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वाहिनी द्वारा किए गए उत्कृष्ट परिचालनिक कार्यों और विपरीत परिस्थितियों में उनके योगदान के आधार पर ही उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
जमशेदपुर (सुंदरनगर) परिसर में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित 106 वाहिनी परिसर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहाँ शहीदों की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसका नेतृत्व वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी श्री सचिदानन्द मिश्र ने किया। इस दौरान उप कमांडेंट बच्चन देव कुमार, सहायक कमांडेंट धंसे लक्ष्में एवं राजीव कुमार सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने वीर शहीदों को नमन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और ‘बड़ा खाना’ का आयोजन
दिवस को यादगार बनाने के लिए वाहिनी में सैनिक सम्मेलन और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जवानों के मनोबल को बढ़ाने के लिए परंपरागत ‘बड़ा खाना’ का भी आयोजन हुआ। सीआरपीएफ एवं आरएएफ द्वारा आयोजित यह पूरा कार्यक्रम बल के शौर्य, समर्पण और अटूट सेवा भावना का प्रतीक रहा।

