
- कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ 7 की दहशत, कल से चार केंद्रों में मिलेगा वैक्सीन
- पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या शून्य, बाहर से आने वालों पर रहेगी सर्विलांस विभाग की नजर
उदित वाणी, जमशेदपुर: आज जब कोरोना को लेकर एक बार फिर से चिंता घर करने लगी है, वैसे समय में राहत की बात यह है कि पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या शुन्य है. जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक दिन जारी किए जाने वाले आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में जिले के किसी प्रखंड से भी एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं हैं.
हालांकि सर्दी खांसी बुखार की शिकायत पर सदर और सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या बुधवार को 194 थी. देश भर में कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ के मामले में सामने आने के बाद से जिले में भी लोगों में दहशत का माहौल है. कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या शून्य होने पर प्रशासन के द्वारा कोरोना जांच नहीं के बराबर की जा रही है. ऐसे में बिना जांच के कोरोना पॉजिटिव मिलना भी संभव नहीं हैं, लेकिन अब एक बार फिर से इसे लेकर गंभीर होने की जरूरत है. आवश्यकता है पूर्व की तरह कोरोना जांच और वैक्सीनेशन अभियान चलाए जाने की.
आज शहरी क्षेत्र के चार सेंटर में मिलेगा को-वैक्सीन
पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र के चार स्थानों पर आज कोरोना वैक्सीन देने की व्यवस्था की गई है. इन चार केंद्रों में कुल 700 लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया हैं. इन चार स्थानों में मिलेगा वैक्सीन
- कीनन स्टेडियम – 200
- एमजीएम अस्पताल – 200
- सदर अस्पताल – 100
- टाटा मोटर्स गेट के समीप – 200
- (टाटा मोटर्स ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर)
अस्पतालों में 1104 लोगों ने ओपीडी में कराई जांच, 194 भर्ती
पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को सदर अस्पताल परसुडीह, सदर अस्पताल घाटशिला और सभी प्रखंडों के सीएचसी में कुल 1104 लोगों ने सर्दी खांसी व बुखार की जांच कराई, जिनमें से 194 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आईएमए की एडवाईजरी में सावधानी बरतने की अपील, कहा- मास्क व सामाजिक दूरी का करें पालन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने एडवाईजरी जारी कर दुनिया भर में फैल रहे कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ 7 के प्रति सावधानी बरतने को कहा है. आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह और महासचिव डॉ जयेश लेले के हवाले से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यूएसए, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, ब्राजिल जैसे देसों में केवल एक दिन में 5.37 लाख कोरोना के मरीज पाए गए हैं. भारत में इसकी संख्या 145 है इसलिए हमें पैनिक ना होते हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता हैं फेस मास्क, सामाजिक दूरी, सोशल गैदरिंग से बचने और अनावश्यक विदेश यात्रा ना करने की सलाह दी गई हैं. आईएमए ने देश भर में अपने 3.5 लाख सदस्यों को अलर्ट रहने की अपील की हैं.
इन बातों का रखे ध्यान
- बाहर निकलने पर फेस मास्क अवश्य पहनें
- सामाजिक दूरी बनाए रखें
- नियमित हाथ की सफाई करें
- समय समय पर हाथ को सैनेटाईज करें
- सोशल गैदरिंग (शादी समारोह, भीड़ भाड़ व राजनीतिक रैली) में ना जाएं
- वैक्सीन ना लिया हो तो अवश्य ले लें
- सरकार के द्वारा जारी एडवाईजरी का पालन करें
- सर्दी, खांसी, बुखार होने पर डॉक्टर को अवश्य दिखाएं
सिविल सर्जन ने की अपील, लक्षण दिखे तो जांच जरूर कराएं
सिविल सर्जन डा. साहिर पाल ने कहा कि कोरोना को लेकर अलर्ट जारी की गई है। जिलेवासी पूर्व की तरह गलती न दोहराएं। अगर कोई बाहर से आता है और उसमें कोई लक्षण दिखे, तो उसकी जांच अवश्य कराएं। पूर्व में लापरवाही का परिणाम हम भुगत चुके हैं। फिलहाल पूर्वी सिंहभूम जिला कोरोना से मुक्त हो चुका है। यहां एक भी संक्रमित रोगी नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर सभी को सतर्क होने की जरूरत है। किसी भी व्यक्ति में कोई लक्षण दिखे, तो लापरवाही न बरतें, बल्कि उसकी जांच कराएं। कोरोना जांच का नमूना फिलहाल जिला सर्विलांस विभाग के कार्यालय व परसुडीह स्थित सदर अस्पताल में लिया जा रहा है।
सतर्कता इसलिए भी जरूरी है क्योंकिकोरोना को लेकर चीन में हाहाकार मचा हुआ है। स्थिति पहली व दूसरी लहर वाली हो गई है। वहां की लगभग 60 प्रतिशत आबादी संक्रमित हो चुकी है, जिससे भारत में भी खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अलर्ट करते हुए चेतावनी जारी की है। चूंकि, कोरोना की शुरुआत चीन से ही हुई थी और किसी को अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा नुकसान कर जाएगा। ऐसे में, सभी को सावधान होने की जरूरत है। अन्यथा चौथी लहर आने में देर नहीं लगेगी।
जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा नमूना
चीन में संक्रमण की नई लहर के लिए जिम्मेदार ओमिक्रोन के सब वैरिएंट बीएफ.7 के तीन मामले देश में भी मिले हैं। इसे देखते हुए संक्रमित मरीजों का नमूना जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा, ताकि पता चल सके कि यहां कौन से वैरिएंट मौजूद हैं। इसी के साथ सतर्कता के लिए विदेशों से आने वालों पर नजर होगी। कई देशों में कोरोना के मामले बढ़े हैं। ऐसे में, विदेशों से आने वालों पर कड़ी नजर होगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
कोविड को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील
जमशेदपुर: जमशेदपुर सिटीजन फोरम के महासचिव हरिबल्लभ सिंह आरसी ने कहा है कि जिस तरह पूरी दुनिया में फिर से कोरोना फैल रहा है, ऐसे में यह फिर से हमारे देश में भी फैल सकता है. इसे देखते हुए हमें पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से भीड़ भाड़ वाले जगहों, जैसे विद्यालय, धर्मस्थानों, कोर्ट-कचहरी आदि में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत बताई. उन्होंने लोगों से मास्क पहनने व सावधानी बरतने की अपील की.
Advertisement
<

