
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आज भारत-अमेरिका सीईओ फोरम की बैठक में शिरकत की. चंद्रशेखरन फोरम के सह अध्यक्ष (को चेयर) हैं.
उनके अलावा अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन के प्रेसीडेंट और सीईओ जेम्स ताइक्लेट भी फोरम के सह अध्यक्ष हैं. नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिÓय एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी की वाणिय मंत्री जीना रायमोंडो की साझा अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की गयी.
बैठक में गोयल ने कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियों, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं और छोटे व्यवसायों के जुझारूपन तथा टिकाऊपन को बढ़ावा देने की परस्पर दिलचस्पी से भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.
बैठक के बाद केंद्रीय वाणिय मंत्रालय के बयान में कहा गया, ”यह फोरम संवाद के लिहाज से तथा दोनों अर्थव्यवस्थाओं के साझा हित की खातिर करीबी सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने के लिए भी एक प्रभावी मंच होगा.” फोरम में अनेक अग्रणी भारतीय और अमेरिकी कंपनियों के सीईओ शामिल हैं.
भारत और अमेरिका की सरकारों द्वारा दिसंबर 2014 में पुनर्गठन के बाद से यह छठी बार है जब फोरम का आयोजन किया गया है.
इसमें, सात कार्यकारी समूहों के तहत विभिन्न सीईओ ने प्राथमिकता वाले ऐसे क्षेत्रों की जानकारी दी जिनमें साझेदारी को मजबूत किया जा सकता है और वृद्धि को बढ़ावा दिया जा सकता है.


