
उदित वाणी, चांडिल: सरायकेला: खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डेम रोड में गांगुडीह स्थित अनुमंडल कोर्ट के समीप बुधवार की रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार स्विफट कार ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा टूट गया और कार उसे लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए आगे ले गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जान माल कि क्षति नहीं हुई ।
नशे में थी महिला चालक:
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी, जो कथित तौर पर नशे की हालत में थी। इसी वजह से उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया और सीधे बिजली के पोल से जा टकराई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस और विभाग की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को कार से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल चांडिल अस्पताल भेजा। वहीं, हादसे के कारण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिसकी जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के एसडीओ कालीनाथ सिंह भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर बिजली पोल को दुरुस्त करने में जुट गई, वहीं आगे की कार्रवाई को लेकर मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

