
उदित वाणी, आदित्यपुर : पूर्व मुख्य मंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन के सहयोग से आदित्यपुर_02 स्थित भोला अखाड़ा निवासी श्वेता कुमारी की स्टोमा सर्जरी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. भोला अखाड़ा निवासी शिव कुमार शर्मा की पुत्री श्वेता कुमारी पेट की गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, जिनका उपचार सीएमसीएच वेल्लोर में चल रहा है.
और डॉक्टरों ने उनका शीघ्र ऑपरेशन कराने की सलाह दी है, जिसका अनुमानित खर्च लगभग एक लाख रुपये है. आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण शिव कुमार शर्मा उपचार के खर्च को वहन करने में असमर्थ थे. इस परिस्थिति में उन्होंने आदित्यपुर की जनसेवी संस्था “समर्थ सेवा समिति” के सदस्य पंकज सिंह से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई. पंकज सिंह ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव चंचल गोस्वामी से संपर्क किया.
उसके बाद विधायक चम्पाई सोरेन के सहयोग से श्वेता कुमारी के ऑपरेशन हेतु एक लाख रुपये की राशि की व्यवस्था की गई. सोमवार को समिति के सदस्यों द्वारा उक्त राशि परिवार को सौंप दी गई. शिव कुमार शर्मा एवं उनकी पुत्री श्वेता कुमारी ने इसके लिए पूर्व मुख्य मंत्री चम्पाई सोरेन एवं समर्थ सेवा समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया है. इस अवसर पर संस्था के सदस्य निरंजन मिश्रा, ब्रह्मानंद झा, पंकज सिंह, दीपक सिंह, अजय मिश्रा, प्रकाश रंजन, राकेश त्रिपाठी, श्याम बाबू दास आदि उपस्थित थे.

