
उदित वाणी, चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नामोंपाड़ा मोहल्ले में मंगलवार की शाम एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना नामोंपाड़ा निवासी जगन्नाथ बेरा के घर की है, जहाँ आग की लपटें देख पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई.
नया सिलेंडर जलाते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ बेरा मंगलवार को ही नया गैस सिलेंडर खरीदकर घर लाया था. शाम के समय जब उसने सिलेंडर को रेगुलेटर से जोड़ा और उसकी बहन वीणा बेरा ने माचिस जलाई, तो गैस में तुरंत आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.
साहस और सूझबूझ से बची जान
आग पकड़ते ही जगन्नाथ बेरा ने उसे बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वह सफल नहीं हो सका. जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी, तो जगन्नाथ ने अपनी बहन वीणा के साथ किसी तरह घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई. कुछ ही देर में पूरा सिलेंडर जलकर खत्म हो गया.
घर के बिजली उपकरण और तार खाक
इस अग्निकांड के दौरान आग की तपिश और लपटों से घर के बिजली के बोर्ड और वायरिंग (बिजली का तार) भी पूरी तरह जल गए. गनीमत रही कि आग घर के अन्य हिस्सों में ज्यादा फैलने से पहले ही सिलेंडर खाली होकर शांत हो गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
थाना प्रभारी ने लिया जायजा, बिजली काटने का निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी ली. सुरक्षा के मद्देनजर थाना प्रभारी ने तत्काल बिजली विभाग को फोन कर स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने निर्देश दिया कि उक्त घर की बिजली का कनेक्शन काटकर ही पूरे क्षेत्र की लाइन चालू की जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट का खतरा न रहे.

