
उदित वाणी, चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर चाईबासा नगर परिषद द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त के निर्देश तथा अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, सदर अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, नगर प्रबंधक एवं राजस्व पदाधिकारियों की उपस्थिति में दुकानों और परिसरों की जांच की गई तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बस स्टैंड से यशोदा सिनेमा हॉल तक कार्रवाई
अभियान के तहत पुलिस लाइन होते हुए बस स्टैंड से यशोदा सिनेमा हॉल तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों और वाहन मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई तथा सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के क्रम में कुल 4700 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया और भविष्य में सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए।
24 मार्च को अभियान रहेगा बंद, 25 को फिर कार्रवाई
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि 24 मार्च को मंगलवार होने के कारण मंगलाहाट और अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण मुक्ति अभियान नहीं चलाया जाएगा। हालांकि, 25 मार्च को नगर परिषद द्वारा जेसीबी के माध्यम से फिर से अभियान चलाया जाएगा।
लगातार चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अवैध रूप से वाहन, ठेला और दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस लेकर ही व्यवसाय करने का निर्देश भी दिया।
प्रशासन का लक्ष्य चाईबासा शहर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाना है।

