उदित वाणी, सरायकेला: उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं. इसके अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.
08 से 10 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 08 अप्रैल 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है. इसमें विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर्स सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं.
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा शंकाओं का समाधान
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर एमड़ी तासिकुर रहमान एवं श्री अविनाश ठाकुर द्वारा किया जा रहा है. कार्यशाला के दौरान जनगणना से संबंधित तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी जा रही है. साथ ही, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों के प्रश्नों और शंकाओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, ताकि मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.
फील्ड ट्रेनर्स की महत्वपूर्ण भूमिका
आज के सत्र में जिला स्तर के फील्ड ट्रेनर के रूप में नामित प्रतिभागियों ने गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया. ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे चलकर अपने-अपने प्रखंड एवं नगर क्षेत्रों के प्रगणक (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे निचले स्तर तक जनगणना का कार्य त्रुटिहीन हो सके.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में अपर जिला जनगणना पदाधिकारी श्री कमलेश कुमार दास एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनगणना के पहले चरण को सुव्यवस्थित तरीके से धरातल पर उतारना है.


