
उदित वाणी, दिल्ली: दिल्ली में सोमवार सुबह एक बार फिर स्कूलों और कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) द्वारका, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल द्वारका और ग्रेटर कैलाश स्थित ब्लू बेल्स स्कूल समेत एक कॉलेज में हड़कंप मच गया। सुबह 7:24 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
स्कूलों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। एक अभिभावक ने बताया, “हमें स्कूल से बच्चों को लेने का संदेश मिला, लेकिन वजह नहीं बताई गई थी।” यह कोई पहली घटना नहीं है। जुलाई में भी दिल्ली के 20 से ज्यादा स्कूलों और कुछ कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल मिले थे, जिनमें आईपी कॉलेज फॉर विमेन, हिंदू कॉलेज और श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स शामिल थे।
दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार और पुलिस को स्कूलों में बम धमकी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने का निर्देश दिया है।

