
उदित वाणी जमशेदपुर : डिमना लेक में रविवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बोड़ाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत की है, जहां स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान लेक के आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं—दुर्घटना, आत्महत्या या आपराधिक साजिश—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

