
उदित वाणी, जमशेदपुर : महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को लेकर छिड़ी सियासी जंग के बीच भाजपा ने विपक्षी दलों के विरुद्ध निर्णायक मोर्चा खोल दिया है. 25 अप्रैल को रांची के मोरहाबादी मैदान से मेन रोड तक आयोजित होने वाले ‘आक्रोश मार्च’ को सफल बनाने के लिए भाजपा जमशेदपुर महानगर ने कमर कस ली है. मंगलवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा की गई.
जमशेदपुर से हजारों कार्यकर्ताओं का होगा रांची कूच
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्षों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों और मंडल अध्यक्षों की मौजूदगी में रूपरेखा तय की गई. निर्णय लिया गया कि जमशेदपुर महानगर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे. इस मार्च में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आधी आबादी को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने वाली ताकतों को कड़ा संदेश दिया जा सके.
विपक्ष पर तीखा हमला: संजीव सिन्हा का बयान
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष ने साजिश के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों से दूर रखा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऐतिहासिक पहल को कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ की भेंट चढ़ा दिया. सिन्हा के अनुसार, कांग्रेस का इतिहास हमेशा से महिला विरोधी रहा है और इसी के विरोध में देशभर की नारी शक्ति में भारी आक्रोश व्याप्त है.
बैठक में इन दिग्गजों की रही उपस्थिति
रणनीति तैयार करने के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, सुधांशु ओझा सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव और कल्याणी शरण मौजूद रहे. साथ ही नीरज सिंह, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, और जितेंद्र राय समेत विभिन्न मोर्चों और मंडलों के अध्यक्षों ने मार्च को सफल बनाने का संकल्प लिया.

