
उदित वाणी,जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर रोड इलाके में बीती रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। घटना ने इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच डर और आक्रोश दोनों का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात सबसे पहले ‘अपना मार्ट’ का ताला काटकर अंदर घुसे और वहां रखे नकद व सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोरों ने ‘जनार्दन ज्वेलर्स’ को निशाना बनाया, जहां करीब 9 ताले तोड़े गए। इतनी बड़ी संख्या में ताले तोड़े जाने से साफ है कि चोर पूरी तैयारी और योजना के साथ पहुंचे थे।
यहीं नहीं, चोरों ने ‘संतोषी भंडार’ के भी दो ताले काटे और वहां से लगभग 25 हजार रुपये नकद के साथ खाने-पीने के सामान की चोरी कर ली। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तब इस पूरी घटना का खुलासा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

