
उदित वाणी,जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कॉलोनी रोड नंबर 5 में एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान आशीष कुमार चैटर्जी (55) के रूप में हुई है, जो धनबाद के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, वे 29 मार्च को अपनी बहन के घर श्राद्धकर्म में शामिल होने जमशेदपुर आए थे। 31 मार्च की रात करीब 9 बजे वे स्नान करने के बाद घर के भीतर ही कपड़े सुखाने के लिए फैला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संपर्क बिजली के खुले तार से हो गया, जिससे उन्हें तेज करंट लग गया।
करंट लगते ही वे मौके पर ही छटपटाने लगे। परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता धनबाद में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

