
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र से पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. रोड नंबर-14 निवासी मंजूर अहमद खान ने थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसएसपी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके साथ थाने के अंदर बर्बर तरीके से मारपीट की गई और जबरन सामान भी छीन लिया गया.
शिकायत पत्र के अनुसार, 4 अप्रैल को उनके मित्र शाहिद को आजादनगर थाना पुलिस सुबह से ही थाने में बैठाकर रखे हुए थी. शाम के समय मंजूर अहमद खान अपने मित्र की स्थिति जानने और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की मांग करने थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस से स्पष्ट कहा कि यदि उनके मित्र ने कोई अपराध किया है तो उसके खिलाफ विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए.
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर थाना प्रभारी ने उन्हें अपने केबिन में बुलाया. वहां उनकी जेब से मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये जबरन छीन लिए गए. इतना ही नहीं, दरवाजा बंद कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और बेरहमी से पिटाई भी की गई. बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया.
मंजूर अहमद ने दावा किया है कि पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिससे सच्चाई सामने आ सकती है. उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी थाना प्रभारी चंदन कुमार और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है और अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है.

