
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहरी जल प्रबंधन में दक्षता एवं आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार को कदमा वाटर टावर में स्वचालित जल आपूर्ति प्रणाली का उद्घाटन किया गया. इस प्रणाली का उद्घाटन प्रणय सिन्हा, चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील द्वारा किया गया. इस अवसर पर अतुल भटनागर, प्रबंध निदेशक, टीएसयूआईएसएल, रघुनाथ पांडेय, अध्यक्ष (टाटा स्टील यूटिलिटीज श्रमिक यूनियन), वरुण बजाज, चीफ सीएस (डिज़िग्नेट), टाटा स्टील जमशेदपुर तथा संजीव झा, महाप्रबंधक (जल एवं अपशिष्ट जल सेवाएं) सहित जल एवं अपशिष्ट जल सेवा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
18500 उपभोक्ताओं को पानी की सप्लाई
कदमा वाटर टावर वर्तमान में 34 वितरण वाल्वों के माध्यम से लगभग 18,500 उपभोक्ता कनेक्शनों को जल आपूर्ति करता है, जिससे कदमा क्षेत्र के विभिन्न हिस्से आच्छादित होते हैं. इस प्रणाली के स्वचालन के पश्चात, एक्ट्यूएटर संचालित वाल्व पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्य करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर एवं विश्वसनीय पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी.इसके साथ ही टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा अब तक कुल तीन वाटर टावर सेंट्रल, सोनारी एवं कदमा का सफलतापूर्वक स्वचालन किया जा चुका है. यह पहल स्मार्ट जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका उद्देश्य सेवा की विश्वसनीयता बढ़ाना तथा कदमा के निवासियों के समग्र उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाना है.

