
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में ज्योतिष विज्ञान के क्षेत्र में ऐतिहासिक आयोजन के रूप में 32वें एशियन एस्ट्रोलॉजर कांफ्रेंस का भव्य शुभारंभ हुआ. इसमें देश-विदेश से 100 से अधिक प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य, विद्वान और शोधकर्ता शामिल हो रहे हैं. तीन दिवसीय इस सम्मेलन में ज्योतिष शास्त्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श और शोध प्रस्तुतियां होंगी.
उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री आलोक रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके अलावा देश के प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्य, समाजसेवी, शिक्षाविद और विशिष्ट अतिथि भी शिरकत कर रहे थे.

सम्मेलन में वैदिक ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, अंक ज्योतिष, कुंडली विश्लेषण, ग्रहों के प्रभाव, आधुनिक ज्योतिष शोध तथा समाज में ज्योतिष की भूमिका जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे. युवा ज्योतिषाचार्यों को मंच देकर उनके शोध और अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा.
आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य ज्योतिष को आधुनिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करना, शोध को प्रोत्साहन देना तथा विद्वानों के बीच ज्ञान आदान-प्रदान करना है. जमशेदपुर में यह आयोजन शहर के लिए गौरव का विषय है तथा ज्योतिष जगत के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा. शहर के ज्योतिष प्रेमियों में खासा उत्साह व्याप्त है.

