उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को झारखण्ड युवा मोर्चा द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत नगर निगम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. धरना में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और कई पार्षद शामिल हुए.
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं माथे पर पानी का घड़ा लेकर पहुंचीं, जबकि पुरुष हाथों में बैनर और तख्तियां लिए नजर आए. कुछ लोग बैलगाड़ी पर सवार होकर भी नगर निगम कार्यालय पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
धरना कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ़ डब्बा सोरेन ने कहा कि जब से आदित्यपुर नगर निगम अस्तित्व में आया है, तब से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी का शासन रहा है, लेकिन आज तक क्षेत्र की पानी, साफ-सफाई, नाली, गली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है. उन्होंने आरोप लगाया कि हर चुनाव में जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनप्रतिनिधि जनता से किए गए वादों को भूल जाते हैं और अपनी राजनीतिक दुकानदारी चलाने में लग जाते हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है.
डब्बा सोरेन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन जल्द पानी, साफ-सफाई, सड़क, नाली और गली की समस्याओं का समाधान नहीं करता है तो मामले की शिकायत रांची तक पहुंचाई जाएगी. उन्होंने कहा कि नगर निगम के जिम्मेदार पदाधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा. धरना प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और क्षेत्र की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की.


