उदित वाणी आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर पद का चुनाव 16 मार्च को समाहरणालय सभागार, सरायकेला में होगा. उप महापौर के चुनाव के लिए जिला के अपर उपायुक्त जयवर्द्धन कुमार निर्वाचन पदाधिकारी तथा खरसावां के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान मांझी और राजनगर के अंचल अधिकारी श्रवण कुमार झा सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बनाए गए हैं.
शपथ ग्रहण के बाद इच्छुक पार्षदों के द्वारा दिन के 11 बजे से लेकर 11.15 तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया जा सकता है. जबकि दिन के 11.15 बजे से लेकर 12 बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है.
अपराह्न 12.30 बजे से लेकर 12.45 बजे तक मतदान होगा. अपराह्न 12.45 बजे से लेकर एक बजे तक मतगणना होगी. जबकि परिणाम की घोषणा अपराह्न एक बजे से लेकर 1.45 बजे के बीच होगी. इस हेतु प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है.
उप महापौर पद के चुनाव में अंकुर अर्चना में सीधी टक्कर
आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर पद के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव से पहले सरगर्मी तेज हो गई है. उप महापौर के चुनाव को लेकर शहर की राजनीति में भी दिलचस्प मोड़ भी आ गया है. और अब उप महापौर पद के लिए पूर्व विधायक अरविन्द कुमार सिंह के भतीजे अंकुर सिंह और मनमोहन सिंह की पत्नी अर्चना कुमारी के बीच सीधी टक्कर होने की बात कही जा रही है.
बताया जा रहा है कि उप महापौर पद के दोनों दावेदार सभी नवनिर्वाचित पार्षदों के संपर्क में हैं. और दोनों पक्षों की ओर से पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जोड़-तोड़ और संपर्क अभियान चलाया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, 12 पार्षदों के अचानक आदित्यपुर से गायब होने के बाद उप महापौर पद की चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है. और इससे आदित्यपुर की सियासत में तरह-तरह की अटकलें भी लगने लगी है. पार्षदों के अचानक गायब होने की खबर से नगर निगम की राजनीति और भी दिलचस्प हो गई है.


