
जमशेदपुर: अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की मेजबानी में स्टील सिटी शाखा द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय कार्यक्रम ‘अभ्युदय 2026’ रविवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. इस भव्य आयोजन में झारखंड के कोने-कोने से आई 70 से अधिक शाखाओं के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह कार्यक्रम एक युवा महासंगम में तब्दील हो गया.
कार्यक्रम के पहले दिन 28 मार्च को प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें संगठन के विस्तार और भावी सामाजिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. वहीं, दूसरे दिन 29 मार्च को प्रांतीय सभा सह लघु अधिवेशन का आयोजन हुआ. इस दौरान वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न शाखाओं और पदाधिकारियों को वार्षिक पुरस्कारों से नवाजा गया.
नगर निकाय के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान
इस गरिमामय आयोजन की मुख्य विशेषता हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों में विजयी मारवाड़ी समाज के जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन रहा. मंच द्वारा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए मेयर, उपमेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया.
सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी सम्मानित
इसी क्रम में सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान ग्रहण करते हुए भावुक स्वर में मनोज चौधरी ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत मेरा नहीं, बल्कि पूरे समाज का सम्मान है. समाज के सहयोग से ही मेरी यात्रा नगर पंचायत अध्यक्ष तक पहुँची है, मैं इस गौरव को कभी धूमिल नहीं होने दूँगा.
दिग्गजों की रही गरिमामय उपस्थिति
अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास खंडेलिया, राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया, प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पडिया, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराम सुल्तानिया और संस्थापक अध्यक्ष गोविंद मेवाड़ (रामगढ़) समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पडिया ने अपने संबोधन में पूर्वजों और मार्गदर्शकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज सेवा के संकल्प को दोहराया.
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं उत्कृष्ट आयोजन स्टील सिटी शाखा द्वारा किया गया, जिसकी सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की.

