
उदितवाणी,जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मैट्रिक व इंटर परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है. इस बार जिले से मैट्रिक के 26 हजार 237 और इंटर के 24702 विद्यार्थी शामिल होंगे.
इसी आधार पर परीक्षा केंद्र तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है. इस बीच जिले में इंटरनल मार्किंग के लिए भी कवायद तेज कर दी गई है. गौरतलब हो कि इस बार जैक की ओर से मैट्रिक की परीक्षा 14 मार्च 2023 से आयोजित की जाएगी. झारखंड बोर्ड एग्जाम 2023 की परीक्षा तीन अप्रैल तक चलेंगी.
परीक्षा की पहली शिफ्ट सुबह 9:45 से 1:05 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 तक आयोजित की जाएगी. वहीं इंटर की परीक्षाएं 14 मार्च से आयोजित की जाएगी.
यह परीक्षाएं 5 अप्रैल तक चलेंगी. परीक्षा के लिए इस बार जिले के 10वीं और 12वीं के कुल 51 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे. पिछले शैक्षणिक सत्र में 46 हजार विद्यार्थी 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे. इस सत्र में लगभग पांच हजार विद्यार्थियों के बढ़ने से 5 परीक्षा केंद्र अधिक बनाए गए हैं.
दसवीं के लिए 72 और 12वीं के लिए कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज यूनिवर्सिटी में इस सत्र के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनेगा.
वहीं, बर्मामाइंस बीपीएम और साकची बालिका उच्च विद्यालय मॉडल स्कूल बनने की प्रक्रिया में हैं, जिस कारण परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा. इस बार टिनप्लेट यूनियन महिला इंटर कॉलेज, सोनारी डीएवी, उत्कल समाज गोलमुरी सहित और दो स्कूलों को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
परीक्षा में ऑब्जेक्टिव और सब्जेक्टिव टाइप प्रश्नपत्र होंगे. पहली पाली में सब्जेक्टिव टाइप प्रश्नपत्र से परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में सब्जेक्ट टाइप प्रश्न पत्र से परीक्षा ली जाएगी.
जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया ने बताया कि इस बार विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है. वहीं, जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में स्कूलों का केंद्र बनाया जाता था, लेकिन इस सत्र में वहां केंद्र नहीं बनाए गए हैं, जिस कारण परीक्षा केंद्रों को बढ़ा दिया गया है. इधर, मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में इस बार 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन किया जाना है.
इस मूल्यांकन के लिए सभी विद्यालयों को एक्सटर्नल शिक्षक को नियुक्त किया जाना है. आंतरिक मूल्यांकन में इस बाह्य शिक्षक की भूमिका अहम होगी. पिछले दिनों स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा इस बाबत निर्देश जारी किया गया था.
आंतरिक मूल्यांकन के लिए एक्सर्नल नियुक्त करने के निर्देश
जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजे गए पत्र में निर्देश दिया गया है कि स्कूलों में होने वाले आंतरिक मूल्यांकन के निर्धारण के लिए विद्यालय स्तर पर शिक्षकों की गठित समिति में एक बाह्य शिक्षक को शामिल किया जाना अनिवार्य होगा. बाह्य शिक्षक के इस समिति में रहने से अंकों के निर्धारण में पारदर्शिता बनी रहेगी.
सो, अब आंतरिक मूल्यांकन के अंकों के आवंटन के लिए विद्यालयों के स्तर पर गठित होने वाली समिति में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, संबंधित विषय के शिक्षक एवं बाह्य शिक्षक नामित होंगे.
छात्र-छात्राओं के विषयवार प्रदर्शन की समीक्षा समिति द्वारा की जाएगी. समीक्षा के बाद छात्र-छात्राओं का विषयवार अंकों का संधारण एक पंजी में किया जाएगा और पंजी के सभी पृष्ठों, जिसमें अंकों का संधारण किया गया है, पर समिति के सदस्यों का हस्ताक्षर अनिवार्य होगा. इसके बाद विषयवार अंकों की प्रविष्टि ऑनलाइन की जाएगी.
सचिव के निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया को अब सभी विद्यालय व इंटर महाविद्यालयों के लिए एक बाह्य शिक्षक को पांच फरवरी तक नामित कर संबंधित विद्यालयों को सूचित करने के लिए कहा गया है. ज्ञात हो कि मैट्रिक व इंटर की परीक्षा के लिए आंतरिक मूल्यांकन के लिए अंकों का ऑनलाइन संधारण आठ फरवरी से प्रारम्भ होना है.

