उदित वाणी, जमशेदपुर: श्री श्याम ज्योत मंडल के तत्वावधान में श्री बैकुंठ धाम मंदिर (सात मंदिर) परिसर में भव्य 25वां “श्री श्याम महोत्सव” श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सिल्वर जुबली के इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आए. कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन और छप्पन भोग अर्पित कर की गई. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिमय आभा देखने को मिली.
भजनों से गूंजा मंदिर परिसर
महोत्सव में भजन संध्या मुख्य आकर्षण रही. हरियाणा के भिवानी से आईं अंजू शर्मा और राजस्थान के सूरजगढ़ से आए सुनील शर्मा ने अपने लोकप्रिय और ट्रेंडिंग भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनका प्रसिद्ध भजन “गाड़ी पे लिखवा के लाए जय श्री श्याम” पर भक्त जमकर झूमे. वहीं हिसार (हरियाणा) से आए विजय राजपूत ने “सांवरिया कर दे बेड़ा पार”, “बाबा खाटु वाला है” और “मेरा गाड़ी मेरा बंगला” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया.
रात 2 बजे केक कटिंग और महाआरती
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि 2 बजे आयोजित सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन रहा, जहां बाबा श्याम के नाम पर केक काटा गया. इसके बाद भव्य महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच बाबा श्याम का छप्पन भोग प्रसाद वितरित किया गया.
आयोजन में कई लोगों का योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संयोजक ललित गढ़वाल (लाला) सहित भंवर लाल पारिख, महेश केडिया, सुरेश देबूका, श्याम सुंदर चौधरी, प्रमोद सरायवाला, बंटी सरायवाला, संजय रिंगसिया, विनोद खंडेलवाल, बालमुकुंद रिंगसिया, मधु गनेड़ीवाल, सुशील अग्रवाल, महेश खंडेलवाल, कैलाश शर्मा, भंवर लाल शर्मा, दिलीप अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, अमन बागड़ी और प्रभाष काबरा का अहम योगदान रहा.महोत्सव के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला.


