
एसडीओ स्तर के 13 अधिकारी किये गये इधर-उधर
उदित वाणी, रांची: पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत 2020 बैच के आईएएस पीयूष सिन्हा धालभूम के नये एसडीओ नियुक्त किये गये तथा अनुमंडल में उन्हें कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की गई.
जबकि धालभूम के निवर्तमान एसडीओ संदीप कुमार मीना का तबादला कोडरमा एसडीओ के पद पर किया गया. वहीं पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत 2020 बैच की ही आईएएस रीना हंसदा चक्रधरपुर की एसडीओ नियुक्त की गई. इनके साथ एसडीओ स्तर के 13 अधिकारियों को इधर-उधर किया गया.
कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव नेसार अहमद जेपीएससी के सचिव नियुक्त किये गये तथा जेपीएससी के निवर्तमान सचिव हिमांशु मोहन पर्यटन व खेलकूद संयुक्त सचिव बनाये गये.
कोडरमा के एसडीओ मनीष कुमार उर्जा विभाग, देवघर के एसडीओ अभिजीत सिन्हा स्कूली शिक्षा विभाग, गोडडा के एसडीओ ऋतुराज श्रम नियोजन, गुमला के एसडीओ रवि आनन्द कल्याण विभाग तथा मधुपुर के एसडीओ दिनेश कुमार यादव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किये गये.
पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत 2020 बैच के आईएएस अनिकेत सचान खूंटी, आशीष अग्रवाल मधुपुर, दीपांकर चौधरी देवघर व रवि जैन गुमला के एसडीओ नियुक्त किये गये.
इधर 1998 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंचायती राज विभाग के सचिव राहुल शर्मा को केन्द्र की प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए विरमित किया गया। शर्मा भारत सरकार के आयुष मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर योगदान देंगे.

